उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को डीएम एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी जलरेड्डी द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) एवं बिहार विधानसभा आम निर्वाचन–2025 के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस विशेष सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिव गोपाल मिश्रा थे। समारोह में पुलिस उप महानिरीक्षक  सपना गौतम मेश्राम, व्यय प्रेक्षक  प्रभात दंडोतिया एवं श्री वरू वौरू श्रीधर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। यह सम्मान समारोह जिलाधिकारी के आवास पर गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि जिले में निर्वाचन प्रक्रिया को स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न कराने में पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य किया, जो अत्यंत सराहनीय है। इसी उत्कृष्ट योगदान के लिए सभी को सम्मानित किया गया है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी पदाधिकारी भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिलाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं बिहार विधानसभा आम निर्वाचन–2025 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहायक निर्वाची पदाधिकारी, निर्वाची पदाधिकारी, एसडीपीओ, थानाध्यक्ष, वरीय पदाधिकारी, नोडल एवं सहायक नोडल पदाधिकारी तथा जिला स्तर के सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े और चुनौतीपूर्ण कार्य को सभी ने टीम भावना के साथ सफलतापूर्वक पूर्ण किया, जो प्रशंसनीय है। बेहतर तैयारी के कारण कार्य समयबद्ध रूप से संपन्न हो सका।

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी जलरेड्डी ने भी निर्वाचन कार्य में लगे पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान आए सभी प्रेक्षकों द्वारा कार्यों की प्रशंसा की गई तथा कहीं से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। यह सभी अधिकारियों एवं कर्मियों की मेहनत और अनुशासन का प्रतिफल है, जिसके कारण दरभंगा जिले में शांतिपूर्ण ढंग से निर्वाचन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का मंच संचालन अपर समाहर्ता (राजस्व)  मनोज कुमार द्वारा किया गया, जिन्होंने अपने गीत-संगीत से समारोह को विशेष रूप से यादगार बना दिया।
सम्मान प्राप्त कर सभी पदाधिकारी अत्यंत प्रसन्न दिखे तथा उन्होंने जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।