दरभंगा में कल आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, हजारों मामलों के निपटारे की तैयारी पूरी

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा/विधि संवाददाता, 

बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा सिविलकोर्ट प्रांगण में साल का अन्तिम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार को निर्धारित है।इस लोक अदालत की सफलता के लिए प्राधिकार के अध्यक्ष शिव गोपाल मिश्रा के निर्देशन में सचिव आरती कुमारी ने लोक अदालत आयोजन की सभी आवश्यक तैयारियां पुरी कर ली है।लोक अदालत में सुलहयोग्य मामलों को चिन्हित कर प्राधिकार कार्यालय से हजारों पक्षकारों को ससमय नोटिस हस्तगत करा दी गई है।वहीं महीनों से लोक अदालत के संबंध में ब्यापक प्रचार प्रसार किया गया है।इस लोक अदालत में छोटे-छोटे सुलहयोग्य आपराधिक मामले, क्लेम,पारिवारिक विवाद, उपभोक्ता वाद,नीलामपत्र,बीएस एन एल,बिजली, श्रम,वन,उत्पाद समेत बैंकऋण,समेत बिभिन्न वित्तीय संस्थाओं के लंबित एवं विवादपूर्व मामलों का ब्यापक पैमाने पर निष्पादन की तैयारी की गई है।प्राधिकार कार्यालय द्वारा अलग-अलग मामलों का सुगमतापूर्वक निष्पादन और पक्षकारों की सहूलियत के लिए कूल 16 खंडपीठों का गठन किया गया है।प्रत्येक खंडपीठ में एक न्यायिक पदाधिकारी, पैनल अधिवक्ता और न्यायालय कर्मचारी को शामिल किया गया है।लोक अदालत की कार्यवाही सुबह 10.30 बजे से प्रारंभ की जायेगी।उक्त जानकारी प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने दी है।