राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार रथ को हरी झंडी, सात बेंचों का हुआ गठन

दस्तक7मिडिया,विधि संवाददाता, बिरौल।

आगामी शनिवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (एडीजे) सह अध्यक्ष, अनुमंडल विधिक सेवा समिति शिव कुमार और अपर मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी (एसीजेएम) नरेश महतो ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर प्रचार रथ को न्यायालय परिसर से रवाना किया।
एडीजे शिव कुमार ने बताया कि इस बार होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने पक्षकारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सात बेंचों का गठन किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रयास है कि पिछली लोक अदालतों की तुलना में इस बार ज्यादा से ज्यादा मामलों को सुलझाया जा सके।
एसीजेएम नरेश महतो ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए अधिवक्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य सभी सहयोगियों से मिल रहे पूर्ण समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
अनुमंडल न्यायिक दण्डाधिकारी सह सचिव, अनुमंडल विधिक सेवा समिति प्रियांशु राज ने इस बार के लोक अदालत की एक विशेष पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार विशेष रूप से ट्रैफिक चालान मामलों का निष्पादन किया जाएगा। इसके लिए जिला परिवहन पदाधिकारी की ओर से एक अधिकारी को भी प्रतिनियुक्त किया गया है।


इस मौके पर सिविल जज राजू कुमार साह, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पप्पू कुमार पंडित, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती अंकिता के साथ-साथ एसबीआई सुपौल बाजार से राजन कुमार मिश्र, एसबीआई हाटी से पंकज झा, पीएनबी से अवधेश कुमार आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। बतादे कि राष्ट्रीय लोक अदालत एक महत्वपूर्ण मंच है, जहाँ आपसी सहमति से मामलों का निपटारा किया जाता है, जिससे समय और धन की बचत होती है।