गौड़ा बौराम,सरकारी कुएं की जमीन पर अवैध निर्माण जारी, अंचलाधिकारी के निर्देश को बताया जा रहा है हवा हवाई,
घनश्यामपुर थाना को रोकने का दिया गया था निर्देश, मामला इसी चौक का,

दस्तक7मिडिया, गौड़ा बौराम, दरभंगा।

गौड़ा बौराम प्रखंड में सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जे का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां अंचलाधिकारी अभिषेक आनंद के स्पष्ट निर्देश के बावजूद सरकारी कुएं की भूमि पर अवैध निर्माण का कार्य धड़ल्ले से जारी है।
अंचलाधिकारी अभिषेक आनंद को पंचायत आसी के आसी चौक के समीप सरकारी कुएं की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से आवास निर्माण किए जाने की सूचना मिली थी। इस अवैध कब्जे की गंभीरता को देखते हुए, अंचलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई की।
दिनांक 18 नवंबर 2025 को, अंचलाधिकारी ने पत्रांक संख्या 1118 जारी करते हुए, घनश्यामपुर थाना पुलिस को कड़े शब्दों में निर्देश दिया कि इस अवैध निर्माण को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। पत्र में सरकारी भूमि की सुरक्षा और निर्माण को रोकने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया था। स्थानीय सूत्रों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंचलाधिकारी के निर्देश जारी होने और पुलिस को कार्रवाई का जिम्मा सौंपे जाने के बावजूद,अवैध निर्माण का कार्य स्थल पर निरंतर जारी है। प्रशासन के उच्चाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देश की इस अवहेलना ने स्थानीय लोगों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह मामला सरकारी भूमि के अतिक्रमण को रोकने में स्थानीय प्रशासन की सक्रियता और निर्देशों के प्रभावी अनुपालन पर गंभीर सवाल उठाता है। इस संबंध में आगे की कार्रवाई का इंतजार है।