बिहार पुलिस मुख्यालय में त्वरित विचारण शाखा की बड़ी कार्यशाला आयोजित, सभी जिलों के पदाधिकारी हुए शामिल
बिहार पुलिस मुख्यालय में त्वरित विचारण शाखा की बड़ी कार्यशाला आयोजित, सभी जिलों के पदाधिकारी हुए शामिल
बिहार पुलिस मुख्यालय में त्वरित विचारण शाखा की बड़ी कार्यशाला आयोजित, सभी जिलों के पदाधिकारी हुए शामिल
दस्तक 7मीडिया /पटना
रविवार को सरदार पटेल भवन स्थित बिहार पुलिस मुख्यालय के विशाल सभागार में त्वरित विचारण शाखा (Speedy Trial Branch) के कार्यों की व्यापक समीक्षा एवं प्रशिक्षण को लेकर एक दिवसीय राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य सभी जिलों में लंबित मामलों के त्वरित निपटारे की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाना तथा स्पीडी ट्रायल, स्पीडी अपील और जमानत रद्दीकरण के मामलों में आवश्यक विधिक एवं प्रक्रियागत जानकारी उपलब्ध कराना था।
इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में राज्य के सभी जिलों से त्वरित विचारण शाखा में पदस्थापित या प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ-साथ कोर्ट प्रभारी और दो-दो कोर्ट नायबों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा त्वरित विचारण की अद्यतन प्रक्रिया, केस मॉनिटरिंग, दस्तावेजों के संकलन, न्यायालय समन्वय और तकनीकी उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यशाला के विशिष्ट अतिथि बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री विनय कुमार थे। उनके साथ कई अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे। DGP ने अपने संबोधन में कहा कि त्वरित विचारण शाखा बिहार पुलिस की कार्यकुशलता और न्यायिक प्रक्रियाओं की विश्वसनीयता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समयबद्ध तरीके से केस disposal न सिर्फ अपराध नियंत्रण में सहायक है, बल्कि पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में भी बेहद अहम कदम है।
उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग, अभियोजन पक्ष के साथ बेहतर समन्वय तथा तकनीकी संसाधनों का अधिकाधिक उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्पीडी ट्रायल की अवधारणा जमीनी स्तर पर और प्रभावी हो सके।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागी कर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और विभिन्न प्रक्रियागत चुनौतियों पर चर्चा की। अंत में प्रशिक्षकों ने त्वरित विचारण से जुड़े नए दिशा-निर्देश और भविष्य की कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी।