जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण मुक्त शहर अभियान को मजबूती देने के लिए गुरुवार को दूसरे दिन भी बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई।

 

शहर के मुख्य मार्गों को सुचारू और सुरक्षित बनाने, ट्रैफिक जाम की समस्या कम करने तथा आम जनता को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन, नगर परिषद और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। सुबह से शुरू हुआ यह कार्रवाई अभियान पूरे दिन शहर में चर्चा का विषय बना रहा। कई स्थानों पर प्रशासनिक दल के पहुंचते ही अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और अवैध कब्जा करने वाले दुकान-दराजो ने जल्दबाजी में सामान हटाना शुरू कर दिया।अभियान की शुरुआत अस्पताल मोड़ से की गई। जिसके बाद अस्पताल रोड, सदर अस्पताल के पास, बड़हरिया मोड़, गौशाला रोड, विजय हाता मोड़ से लेकर पकड़ी मोड़ तक कार्रवाई चलती रही।

नगर परिषद् और प्रशासन की टीम के साथ बुलडोजर, पुलिस बल तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी मौजूद थे।

 

सदर अनुमंडल पदाधिकारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में 100 से अधिक अवैध दुकानों व संरचनाओं को ध्वस्त किया गया। नगर परिषद् की टीम द्वारा सबसे पहले सड़क के किनारे बनाए गए अस्थाई और स्थायी अतिक्रमण को निशाना बनाया गया। सदर अस्पताल, बड़हरिया मोड़ और गौशाला रोड स्थित कई दुकानों के बाहरी हिस्सों में दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से सीढ़ी और प्लेटफॉर्म निकालकर फुटपाथ व सड़क पर कब्जा कर लिया गया था। सभी स्थानों पर बुलडोजर चलाकर इन्हें हटाया गया। कई निजी चिकित्सालयों के बाहर भी इसी प्रकार अतिक्रमण पाया गया, जिन्हें तत्काल प्रभाव से हटवाया गया।

 

सदर अस्पताल से पकड़ी मोड़ तक पांच स्थानों पर भवन निर्माण सामग्री सड़क पर रखकर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। न केवल सड़क घेरकर अवैध कब्जा किया गया था, बल्कि निर्माण स्थल को सुरक्षा मानकों के तहत ढंका भी नहीं गया था। ऐसे आरोपितों को चिन्हित करते हुए प्रशासन ने मौके पर ही जुर्माना लगाया। पकड़ी मोड़ के पास अस्थाई दुकानें चला रहे कई लोगों से भी दंड वसूला गया।

अवैध शेड भी हटाए गए बड़हरिया मोड़ स्थित मकान पर अवैध शेड डाला गया था, जिसे बुलडोजर से पूरी तरह हटाया गया। अभियान की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जुटकर कार्रवाई देखने लगे। अवैध पार्किंग पर भी प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की। सड़क किनारे खड़ी बाइक, ऑटो और चारपहिया वाहनों पर चालान किया गया। कई स्थानों पर दुकानदारों द्वारा सड़क अतिक्रमण कर जनरेटर लगाने की शिकायत थी।नगर परिषद् अधिकारियों ने ऐसे मामलों में भी मौके पर जुर्माना लगाया।