दरभंगा के बिरौल में चला ‘बुलडोजर’: अवैध कब्जों पर गिरी गाज, प्रशासन की ‘दोहरी नीति’ पर सवाल,
सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

नगर पंचायत बिरौल प्रशासन ने क्षेत्र में व्याप्त अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एक बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत शहीद भगत सिंह स्मारक चौक, सिनेमा रोड, और खेबा पुल घाट जैसे प्रमुख मार्गों पर किए गए अवैध कब्जों को पूरी तरह से हटा दिया गया है। बुलडोजर का इस्तेमाल कर अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध सख्त संदेश दिया गया, जिससे इन सड़कों को जाम मुक्त करने और आम जनता को राहत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।


यह अतिक्रमण हटाओ अभियान नगर पंचायत के कार्यपालक अधिकारी और मुख्य पार्षद बिनोद सहनी के देखरेख में संपन्न हुआ। प्रशासन ने अवैध कब्जों को हटाने के लिए बुलडोजर का उपयोग किया।अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या विरोध को टालने के लिए पुलिस बल की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। थानाध्यक्ष चन्द्र मणि के साथ एस.आई. मो. फारुकी और भारी संख्या में पुलिस बल को इन संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया था।


प्रशासन की इस कार्रवाई से सार्वजनिक सड़कों और स्थानों पर अवैध कब्जा न बर्दाश्त करने का साफ संदेश गया है। इससे सड़कों को चौड़ा करने, यातायात को सुगम बनाने और नगर क्षेत्र की व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। हालांकि, इस अभियान के बावजूद नगर पंचायत प्रशासन की ‘दोहरी नीति’ की चर्चा आम लोगों के बीच हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने सड़क किनारे के अतिक्रमण पर तो तेजी दिखाई है, लेकिन सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले प्रभावशाली व्यक्तियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का आरोप है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले व्यक्तियों को छोड़ देना प्रशासन के पक्षपातपूर्ण रवैये को दर्शाता है। आम जनता सवाल उठा रही है कि अगर प्रशासन को बिरौल को सचमुच अतिक्रमण मुक्त करना है, तो सरकारी भूमि पर कब्जा जमाए बैठे लोगों पर कार्रवाई कब होगी?