बिरौल के लिए एक ऐतिहासिक सौगात! सुपौल बाज़ार में खुलने जा रहा है ‘केनरा बैंक’, व्यावसायिक गतिविधियों को मिलेगी नई रफ्तार

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।


बिरौल क्षेत्र के निवासियों और खासकर स्थानीय व्यवसायी वर्ग के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण और उत्साहवर्धक खबर सामने आई है। बैंकिंग सेवाओं के विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए,अब केनरा बैंक बिरौल में अपनी शाखा खोलने जा रहा है, जिससे इस क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को एक नई पहचान मिलेगी। केनरा बैंक की यह नई शाखा बिरौल के हृदयस्थल, सुपौल बाज़ार में स्थित खादी ग्रामोद्योग संघ के निकट राधेकृष्णा भवन में संचालित होगी। यह स्थान बाज़ार के केंद्र में होने के कारण आम जनता और व्यवसायियों, दोनों के लिए बेहद सुविधाजनक रहेगा। जानकारी के अनुसार केनरा बैंक शाखा का औपचारिक शुभारंभ 4 दिसंबर  2025 को किया जाएगा। यह तारीख बिरौल के बैंकिंग इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हो सकती है, जिसका स्थानीय लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बिरौल का सुपौल बाज़ार व्यापार के मामले में इस इलाके का सबसे पुराना और प्रमुख व्यावसायिक केंद्र रहा है। हालांकि, यहां व्यापारिक गतिविधियां हमेशा उच्च रही हैं, लेकिन सीमित बैंकिंग सुविधाओं के कारण बड़े लेन-देन और वित्तीय कार्यों में व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को अक्सर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। केनरा बैंक जैसी राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खुलने से व्यवसायियों को बड़े नकद लेन-देन, ड्राफ्ट, लोन सुविधा और अन्य व्यापारिक वित्तीय सेवाओं में तत्काल और पर्याप्त सुविधा मिलेगी। आम नागरिकों को: बचत खाता, ऋण, सरकारी योजनाओं का लाभ और रोजमर्रा के रूपए के लेन-देन में बड़ी सहूलियत होगी।
यह कदम न केवल व्यापार को गति देगा, बल्कि सुपौल बाज़ार को एक आधुनिक और सुदृढ़ वित्तीय केंद्र के रूप में भी स्थापित करेगा। अब स्थानीय लोग और व्यवसायी, दोनों ही इस नई सुविधा के लिए प्रशासन और बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त कर रहे हैं।