भागलपुर शहर को जाम मुक्त और अतिक्रमण-रहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बुधवार को बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू करना है।
प्रशासन की संयुक्त टीम सुबह से ही तिलकामांझी थाना क्षेत्र में सक्रिय रही और फुटपाथ पर बैठने वाले दुकानदारों, ठेला-खोमचा चलाने वालों और अवैध रूप से सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई की।
जिला प्रशासन की ओर से पहले ही घोषणा की गई थी कि शहर के 15 ज्यादा जाम ग्रस्त मार्गों की पहचान की जा चुकी है। इन पर चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में बुधवार को शुरू हुए अभियान में ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार, सिटी मैनेजर असगर अली, अतिक्रमण शाखा प्रभारी जयप्रकाश यादव व स्थानीय थाना पुलिस की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी रोटेशन के आधार पर इन मार्गों पर नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।
भागलपुर में 15 जगह पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
50 हजार रुपए का जुर्माना वसूला
अभियान में नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने मिलकर लगभग 50 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के चालान काटे गए और कई दुकानों से बाहर हटकर रखे सामान को जब्त किया गया।
नगर निगम की ओर से तिलका मांझी चौक और आसपास के इलाकों में माइकिंग कर दुकानदारों को चेताया गया कि वे स्वयं अतिक्रमण हटाएं, अन्यथा अगली बार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई होगी।
सिटी मैनेजर असगर अली ने बताया कि यदि अतिक्रमण हटाए जाने के बाद दोबारा वही स्थिति बनती है, तो संबंधित दुकानदारों और वाहन मालिकों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही भागलपुर स्टेशन से तातारपुर चौक तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
सिटी मैनेजर ने साफ कहा कि सड़क की सीमा से बाहर बढ़ाए गए शेड, देहली, रैक, दुकान के सामान, ठेला-खोमचा या नाली पर कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
