कर्तव्य पथ से घर लौटे, अचानक चली गई ‘जीवन की साँस’: SI अशोक पासवान का हृदय गति रुकने से निधन

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिरौल थाना क्षेत्र के धकजरी गांव में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब पता चला कि झारखंड पुलिस में पदस्थापित और अपने कर्त्तव्यनिष्ठ सेवा के लिए जाने जाने वाले अवर निरीक्षक अशोक पासवान का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। वे 57 वर्ष के थे। झारखंड के लोहरदगा में पदस्थापित एस आई अशोक पासवान कुछ दिनों की छुट्टी पर अपने पैतृक गांव धकजरी आए हुए थे। बुधवार को अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसने उनके परिवार और पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। परिजनों में अरविंद पासवान, गुड्डू पासवान, पप्पू पासवान, गोविंद पासवान सहित कई लोगों ने बताया कि लोहरदगा में अपनी सेवाएं दे रहे अशोक पासवान अपनी कार्यस्थल की व्यस्तताओं से थोड़ा विश्राम लेने के लिए घर आए थे। परिजनों के अनुसार, बुधवार को हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने उन्हें संभलने का मौका तक नहीं दिया। उनके निधन की सूचना तत्काल लोहरदगा पुलिस को दे दी गई है,।एस आई अशोक पासवान का असामयिक निधन, न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि बिरौल थाना क्षेत्र और लोहरदगा पुलिस विभाग के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है। मिलनसार स्वभाव और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।