भदोही जनपद के सीतामढ़ी स्थित मां जानकी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अवकाश का दिन होने के कारण सामान्य दिनों की तुलना में अधिक संख्या में भक्त दूर-दराज से मां जानकी और हनुमान प्रतिमा के दर्शन के लिए पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने मां जानकी दरबार में नारियल, चुनरी, फल, फूल और नैवेद्य अर्पित किए। मंदिर परिसर में पूजा-पाठ के साथ-साथ भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भीड़ का मुख्य कारण रविवार की छुट्टी और हनुमान जी के प्रति भक्तों की गहरी आस्था रही। भदोही के श्री सीता समाहित स्थल पर स्थापित 108 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र बनी। भक्तों ने प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की, हनुमान चालीसा का पाठ किया और भजन-कीर्तन कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
स्थानीय व्यवसायी गुड्डू केसरवानी ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ी हुई संख्या से स्थानीय दुकानदारों को भी व्यापार में लाभ हुआ। चूड़ी, कंगन, झुमके, बाली और चुनरी जैसी वस्तुओं की अच्छी बिक्री हुई। मां जानकी मंदिर के पुजारी राजेंद्र प्रसाद शास्त्री ने पुष्टि की कि 30 नवंबर, रविवार को सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं का लगातार तांता लगा रहा।
