सीवान के पचरुखी थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव की 18 वर्षीय युवती पूजा कुमारी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। सोमवार को प्रभारी एसपी विक्रम सिहाग ने प्रेसवार्ता कर बताया कि इस जघन्य घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने उनके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।

अरहर के खेत से मिला था अर्धनग्न शव

बीते गुरुवार को गांव के ही अरहर के खेत से पूजा का अर्धनग्न शव बरामद हुआ था। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। परिवार के बयान और दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों को चिह्नित किया गया।

मुख्य आरोपी शैलेश उर्फ टकला ने स्वीकारा जुर्म

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी शैलेश उर्फ टकला ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया। उसने बताया कि घटना वाले दिन जब उसने पूजा को खेत में अकेले देखा, तो उसने अपने दोस्त गुड्डू को बुलाकर दुष्कर्म की साजिश रची। दोनों ने युवती से दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसकी निर्ममता से हत्या कर दी।

शव हटाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए, लेकिन थोड़ी देर बाद उन्हें लगा कि शव घर के बहुत करीब पड़ा है, जिससे संदेह उनके ऊपर आ सकता है। इसके बाद वे अपने तीसरे दोस्त सुमित को साथ लेकर फिर घटनास्थल पर लौटे। तीनों ने मिलकर शव को उठाया और गांव से कुछ दूरी पर स्थित झाड़ी वाले खेत में फेंक दिया, ताकि पुलिस की जांच गलत दिशा में भटक जाए।

गांव में दहशत और आक्रोश

प्रभारी एसपी सिहाग ने बताया कि तीनों आरोपी बरियारपुर गांव के ही रहने वाले हैं और उनकी मानसिकता मनचली तथा आपराधिक प्रवृत्ति की थी। पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जुटाए गए सबूतों के आधार पर कार्रवाई की है।

उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया है कि दोषियों को शीघ्र सख्त सजा दिलाई जाएगी।