बिरौल सीएचसी में 6 महीने से सेवा ठप्प, सभी विभागों में लटका ताला, स्वास्थ्य कर्मी अनुमंडल अस्पताल में प्रतिनियुक्त

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

अनुमंडल मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरौल पिछले लगभग छह महीनों से क्षेत्र के निवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना पूरी तरह से बंद कर चुका है। इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र के बंद होने का सीधा कारण पास के अनुमंडल अस्पताल बिरौल में स्वास्थ्यकर्मियों की भारी कमी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुमंडल अस्पताल बिरौल में पदों के बड़े पैमाने पर रिक्त होने के चलते, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरौल में पदस्थापित सभी स्वास्थ्य कर्मियों को अनुमंडल अस्पताल में प्रतिनियुक्त कर दिया गया है।सीएचसी बिरौल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, भगवान दास ने इस बात की पुष्टि की है कि स्टाफ की प्रतिनियुक्ति के कारण ही सीएचसी में सेवाएं ठप्प हैं। विभाग को रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती के लिए पत्राचार किया गया। लेकिन आज तक इन रिक्त पदों पर भर्ती नहीं होने से हमें मजबूरन सीएचसी के स्वास्थ्य कर्मियों से कार्य करवाना पड़ रहा है।

विभाग द्वारा रिक्त पदों पर भर्ती होते ही सीएचसी कर्मियों को वापस उनके पदस्थापन स्थल पर भेज दिया जाएगा–उपाध्यक्ष ,डॉ. योगेन्द्र प्रसाद यादव।
उल्लेखनीय है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरौल का शुभारंभ 29 नवंबर 20214 को
मुख्यमंत्री रहे जीतन राम मांझी के कर-कमलों से हुआ था। करोड़ों की लागत से बने इस स्वास्थ्य केंद्र के 6 महीने से बंद रहने से न केवल सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है, बल्कि क्षेत्र की एक बड़ी आबादी आवश्यक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित है।
जनता की मांग है कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान दे और अनुमंडल अस्पताल में रिक्त पदों पर जल्द से जल्द स्थायी भर्ती कर, सीएचसी बिरौल की सेवाओं को तुरंत बहाल करे।