सुपौल सदर अंचल के तेलवा पंचायत स्थित कोसी तटबंध पर भीषण आग लगने से चार विस्थापित परिवारों के घर जलकर राख हो गए। यह घटना अचानक हुई, जिससे अफरा-तफरी मच गई और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते इसने विकराल रूप ले लिया। लोग अपनी जान बचाकर घरों से बाहर निकल पाए, लेकिन अपना सामान नहीं बचा सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। तेज हवा और झोपड़ीनुमा घरों के कारण आग मिनटों में फैल गई।
चारों घर पूरी तरह जलकर राख
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक चारों घर पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। घरों में रखा अनाज, बर्तन, कपड़े, फर्नीचर, जरूरी दस्तावेज़ और कुछ घरेलू पशु भी आग की चपेट में आ गए।
पानी डालकर आग बुझा रहे लोग।
प्रभावित परिवार हुए बेघर
इस अग्निकांड से प्रभावित परिवार पहले से ही कोसी विस्थापन का दर्द झेल रहे थे। अब वे पूरी तरह बेघर और बेहाल हो गए हैं। इस घटना ने उनकी दयनीय स्थिति को और भी बदतर बना दिया है। आग बुझने के बाद स्थानीय लोग और पंचायत प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को सांत्वना दी।
आपदा राहत के तहत मुआवजा देने की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल राहत और आपदा राहत के तहत मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें अस्थायी रहने की व्यवस्था और आवश्यक सामान मिल सके। सदर सीओ ने बताया कि प्रशासनिक जांच जारी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
