राहत संस्था और जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन की ओर से चलाए जा रहे 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त अभियान ने कटिहार में रफ्तार पकड़ ली है। जिले के दो प्रखंडों के 10 से अधिक स्थानों समेत राजेंद्र स्टेटडम परिसर में युवाओं और ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी के बीच शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
कैंडल मार्च निकालकर बाल विवाह के खिलाफ व्यापक जागरूकता संदेश दिया गया। अभियान का लक्ष्य वर्ष 2030 तक भारत को पूरी तरह बाल विवाह मुक्त बनाना है, ताकि हर बच्ची को शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य का समान अवसर मिले। कार्यक्रम के दौरान अभियान टीम ने ग्रामीणों को बताया कि बाल विवाह न केवल सामाजिक बुराई है, बल्कि कानूनन दंडनीय अपराध भी है। किसी भी क्षेत्र में बाल विवाह की सूचना या आशंका होने पर तुरंत 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) या 112 पर संपर्क कर बच्ची का भविष्य बचाया जा सकता है।
अभियान को सफल बनाने में भवानी कुमारी, कैसा आलम, संगीता कुमारी, विनय कुमार और बानो सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता लगातार गांव–गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। इन कार्यकर्ताओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक संदेश पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।
