मिर्जापुर के लालगंज तहसील अंतर्गत हलिया थाना क्षेत्र में कैमूर वन्य जीव रेंज की 200 बीघा आरक्षित वन भूमि से अवैध अतिक्रमण हटा दिया गया है। यह कार्रवाई वन्यजीव प्रतिपालक चुर्क भास्कर प्रसाद पाण्डेय के निर्देश पर की गई।वन क्षेत्र के अंदर वर्षों से अवैध कब्जा बना हुआ था।

अतिक्रमणकारियों ने झुग्गी-झोपड़ियां डालकर गेहूं और सरसों जैसी फसलें बो रखी थीं।शुक्रवार को हलिया वन रेंज के कर्मचारी जेसीबी मशीन और पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

वन कर्मियों की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। हर्रा बीट के कंपार्टमेंट नंबर एक में लगभग 80 बीघा वन भूमि से अतिक्रमण हटाया गया, जहां गेहूं की फसलें बोई गई थीं।

जेसीबी मशीन द्वारा इन फसलों को नष्ट कर दिया गया।इसी प्रकार, सगरा प्रथम बीट में 120 बीघा जमीन से भी अवैध अतिक्रमण खाली कराया गया। यहां खेती के साथ-साथ झुग्गी-झोपड़ियों को भी गिराया गया।

वन्यजीव प्रतिपालक चुर्क भास्कर प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि हलिया रेंज के हर्रा बीट के कम्पार्टमेंट नंबर एक और सगरा प्रथम में कुल 200 बीघा वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर वृक्षारोपण के लिए बोन नाली और सुरक्षा खाई की खुदाई जेसीबी मशीन से कराई गई है।

यह कार्य वर्ष 2026 हेतु सुरक्षा खाई व बोना नाली के खुदान के तहत किया गया।उन्होंने भविष्य के लिए चेतावनी दी है कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वन्यजीव प्रतिपालक की इस कार्रवाई से वन माफियाओं में खलबली मची हुई है।