किशनगंज के पोठिया प्रखंड के दामलबाड़ी बाजार में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। इस घटना में आसिक लाल की दुकान सहित 2 आभूषण (जवेलरी) की दुकानें जलकर राख हो गईं। आग लगने के समय दुकानें बंद थीं।

आग लगते ही पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इमरजेंसी रिस्पांस नंबर पर कॉल किया। हालांकि, फायर ब्रिगेड की टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में 30 मिनट से अधिक का समय लग गया, जिससे आग तेजी से फैलती रही। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की एक छोटी गाड़ी में लगभग 400 लीटर पानी था।

कुछ ही देर में पानी खत्म

एक वाटर गन के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण यह प्रयास विफल रहा। कुछ ही देर में पानी खत्म हो गया और आग पास की दूसरी दुकान तक फैल गई।

बड़ी फायर ब्रिगेड गाड़ी के पहुंचने पर आग पर काबू पाया

पानी खत्म होने के बाद पहली गाड़ी दोबारा पानी भरने के लिए रवाना हो गई। इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद लोग बेबसी से आग को फैलते देखते रहे। कुछ देर बाद किशनगंज से एक बड़ी फायर ब्रिगेड गाड़ी पहुंची, जिसने आग पर काबू पाया।

तीन और छोटी गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं

इसके अतिरिक्त, नजदीकी फायर स्टेशनों से तीन और छोटी गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। फिलहाल आग से हुए नुकसान का सही आकलन नहीं हो पाया है, मगर लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, जलकर राख हुई दोनों दुकानें आभूषण की थीं। वही शनिवार सुबह राजस्व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मामले का जायजा लिया जा रहा है।