गौड़ा बौराम में धान खरीद को लेकर किसान परेशान, सरकारी केंद्र नदारद

दस्तक7 मीडिया, अमित झा,गौरा बौराम, दरभंगा

गौड़ा बौराम प्रखंड क्षेत्र के किसानों को धान की फसल बेचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत सरकारी दर पर धान खरीद शुरू होने के बावजूद, किसान पंचायत स्तर पर पैक्स अथवा प्रखंड स्तर पर व्यापार मंडल को दिया जलाकर खोजने को मजबूर हैं, लेकिन क्रय केंद्र कहीं नजर नहीं आ रहे हैं।


सरकारी खरीद केंद्रों की निष्क्रियता का सीधा फायदा बिचौलिए और बाजार के व्यापारी उठा रहे हैं। अपनी अगली फसल की बुवाई के लिए पूंजी की तत्काल आवश्यकता के कारण, किसान अपनी मेहनत की फसल को सरकारी भाव के आधे दाम पर बेचने को मजबूर हैं।
कन्हई गांव के किसान रजनीश मिश्रा ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा, “खेतों में आगे की फसल (रबी) की बुवाई के लिए तत्काल पूंजी की जरूरत है, लेकिन सरकारी स्तर पर धान की खरीद नहीं हो रही है। इस कारण हमें बाजार के व्यापारी को मात्र ₹1400 प्रति क्विंटल की दर से धान बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है।खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लि. द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति की अवधि 01 नवंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक निर्धारित है।