पंचायत सरकार भवन निर्माण में तेजी लाने को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में एनआईसी, दरभंगा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अंचल अधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों के साथ पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं, तकनीकी समस्याओं एवं लंबित मामलों पर विस्तृत चर्चा हुई। समीक्षा के क्रम में यह जानकारी मिली कि जिले में कुल 34 पंचायत सरकार भवनों के निर्माण में विभिन्न प्रकार की कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं।

जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष अभियान चलाकर लंबित भवन निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिन स्थलों पर निर्माण कार्य में बाधा है, उसकी जांच उप विकास आयुक्त को करने का निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने राजस्व संग्रह की रफ्तार बढ़ाने पर भी जोर दिया। साथ ही यह भी बताया कि अंचल एवं प्रखंड कार्यालयों का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विवाह मंडप निर्माण सरकार की प्राथमिकता सूची में है तथा जिले में चयनित 31 विवाह मंडपों में निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में पंचायतों में लगाए गए स्ट्रीट लाइटों की कार्यशीलता की समीक्षा की गई। जहां स्ट्रीट लाइट बंद हैं, वहां संबंधित एजेंसी को तत्काल मरम्मत कर उन्हें चालू करने का निर्देश दिया गया।

आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालय भवनों की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जर्जर आंगनबाड़ी भवनों एवं स्कूलों को चिन्हित कर आवश्यक मरम्मत कार्य सुनिश्चित किए जाएं।

बैठक में उप विकास आयुक्त  स्वप्निल, अपर समाहर्ता  मनोज कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, डीसीएलआर दरभंगा सदर  संजीत कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, भवन निर्माण विभाग के अभियंता सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।