बारसोई प्रखंड के सुधानी पंचायत के कोटा वार्ड -2 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय एक बार फिर चहारदीवारी की मांग को लेकर चर्चा में है। ग्रामीणों, वार्ड सदस्य एवं विद्यालय की अध्यक्ष पावनी देवी, विद्यालय शिक्षा समिति की सचिव नवीत देवी तथा पूर्व सचिव अनुमति देवी ने बताया कि विद्यालय परिसर में बाउंड्री वॉल नहीं होने से आए दिन गाय-भैंस एवं बकरियां स्कूल के भीतर घुस जाती हैं।
ऐसी स्थिति में बच्चों की पढ़ाई अक्सर बाधित होती है और कक्षाएं रोकनी पड़ती हैं। प्रधानाध्यापक मोहम्मद शाहनवाज खान ने बताया कि विद्यालय की स्थापना 1988 में हुई थी और 2009 में इसे उत्क्रमित का दर्जा मिला। लेकिन आज तक विद्यालय को सुरक्षित घेरा नहीं मिल पाया है। बच्चों को बाहर जाने से रोकने के लिए एक शिक्षक की अतिरिक्त ड्यूटी लगानी पड़ती है, जिससे शिक्षण कार्य भी प्रभावित होता है। ग्रामीणों का कहना है कि बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग वर्षों से लंबित है। संबंधित पदाधिकारियों, मुखिया और जिला परिषद सदस्य को कई बार आवेदन दिए गए।
कटिहार सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) कटिहार की टीम द्वारा सोमवार को 35 बिहार बटालियन एनसीसी, बरौनी में आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कटिहार, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज जिले के कुल 261 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इन छात्रों का चयन विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों से किया गया था, जिनमें बीपीएसपी मनिहारी कॉलेज, डीएस कॉलेज कटिहार, केबी झा कॉलेज कटिहार, एमजेएम कॉलेज कटिहार सहित चारों जिलों के लगभग 20 संस्थान शामिल थे।
कार्यक्रम में छात्रों को अग्निवीर भर्ती योजना के तहत थल सेना, जल सेना और वायु सेना में शामिल होने के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। एआरओ कटिहार की टीम ने अग्निपथ योजना के लाभ, चयन प्रक्रिया, उपलब्ध विकल्प, बोनस अंक तथा पिछली प्रक्रिया में हुए बदलावों को सरल भाषा में समझाया। दलालों से सावधान रहने और भर्ती प्रक्रिया में किसी भी बाहरी हस्तक्षेप से दूर रहने की खास हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि अग्निवीर योजना युवाओं को अनुशासित जीवन, सम्मानजनक पद, आकर्षक सैलरी, टैक्स-फ्री सेवानिधि एवं भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करती है। छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा गया कि यह योजना न सिर्फ रोजगार का अवसर देती है, बल्कि देश की सेवा करने और राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा में योगदान देने का सुनहरा मौका भी है। कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं ने सेना भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी पाकर उत्साह दिखाया और एआरओ कटिहार टीम का आभार व्यक्त किया।