अलीनगर विधानसभा: नदियामी ग्राम में श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का भव्य शुभारंभ, भक्तिमय हुआ वातावरण!

दस्तक7मिडिया, अलीनगर, दरभंगा।

अलीनगर विधानसभा क्षेत्र के नदियामी ग्राम में आयोजित “श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ नदियामी” का शुभारंभ आज मंगलवार को ध्वजारोहण और बसकट्टी कार्यक्रम के साथ अत्यंत दिव्य और भक्तिमय वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
सुबह की शुभ बेला में, वैदिक मंत्रोच्चार की पावन ध्वनि, पुष्पों की मनमोहक सुगंध, शांति से ओत-प्रोत माहौल और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था ने पूरे ग्राम को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। महायज्ञ के आरंभ के साथ ही नदियामी गांव में भक्ति, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का एक मनमोहक दृश्य देखने को मिला। इस पावन अवसर पर दरभंगा पूर्वी जिला के महामंत्री श्री संजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने विशेष रूप से उपस्थित होकर आयोजन की शोभा बढ़ाई।
ग्रामीणों के उत्साह और श्रद्धा की सराहना करते हुए, श्री संजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल हमारी आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक जागरण का संदेश भी देते हैं। श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ नदियामी पूरे क्षेत्र के लिए शुभ फलदायी सिद्ध हो, यही मेरी भगवान से प्रार्थना है। इस आयोजन में जिस प्रकार ग्रामवासियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ सहभागिता की है, वह वाकई प्रशंसनीय और प्रेरणादायक है।”उन्होंने आगे बल देते हुए कहा कि महायज्ञ जैसे पवित्र अनुष्ठान समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में शांति, समृद्धि एवं मंगल का संदेश लेकर आते हैं। इस अवसर पर नदियामी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि श्री कन्हैया चौधरी, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम झा, तथा कालिकांत मिश्र, विकास प्रसाद, बिंदनाथ झा, विवेकानंद झा, अरुण चौधरी, रौशन झा, राघव झा सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।