टाउन थाना पुलिस ने स्मैक के धंधेबाजों के विरुद्ध रविवार को अभियान चलाया। टाउन थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन के नेतृत्व में गठित टीम ने बस स्टैंड ओवरब्रिज स्थित ठिकाने पर कार्रवाई की। पुलिस टीम को देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया। कई धंधेबाज पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इसके बावजूद पुलिस ने घेराबंदी कर दो महिला धंधेबाज को रंगेहाथ दबोच लिया।

महिला पुलिस पदाधिकारी के द्वारा तलाशी लेने पर अंगवस्त्र में छिपा कर रखे स्मैक की पुड़िया बरामद की गई। बस स्टैंड निवासी चांदनी देवी पति सुनील महतो के पास से 18 पुड़िया और बंटी खातून के पास से चार पुड़िया स्मैक बरामद किया गया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ कर रही है। ऐसी आशंका है कि पूछताछ के बाद काले कारोबार से जुड़े कई सफेदपोशों के चेहरे बेनकाब होंगे। बताते चलें कि नशामुक्त किशनगंज के सपने को साकार करने के लिए एसपी सागर कुमार के निर्देश पर पुलिस नशे के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। इस छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन, अवर निरीक्षक नीतीश कुमार, अवर निरीक्षक सुधीर कुमार, प्रशिक्षु अवर निरीक्षक पुष्पांजलि भारती सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।