सीवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र के कोइरिगावां गांव में शनिवार देर रात शादी समारोह के दौरान बड़ी वारदात हो गई। शादी के बीच मुखिया के बेटे और उसके साथियों पर दूल्हे की गाड़ी पर हमला कर करीब 6 लाख रुपए के गहनों से भरा बैग लूटने और बाद में फायरिंग कर एक युवक को घायल करने का आरोप लगा है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

नशे में आए युवकों ने पहले किया विवाद

पीड़ित संजय कुमार गिरी ने बताया कि शनिवार की देर रात उनकी बेटी की बारात दरवाजे पर पहुंची थी। इसी दौरान गांव के कुछ युवक नशे की हालत में मौके पर पहुंचे और विवाद खड़ा कर दिया। परिजनों ने समझा-बुझाकर उन्हें वापस भेज दिया।

मुखिया पुत्र ने रास्ते में रोकी दूल्हे की गाड़ी

रश्म-रिवाज पूरे होने के बाद दूल्हा जनवासा जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में मुखिया के दरवाजे के पास मुखिया पुत्र बाल्मीकि अपने साथियों के साथ पहुंचा और दूल्हे की गाड़ी रोक ली। आरोप है कि युवकों ने गाड़ी पर हमला कर शीशा तोड़ दिया और गाड़ी में रखे लगभग 6 लाख रुपए मूल्य के गहनों वाला बैग छीन लिया। दूल्हा किसी तरह जान बचाकर जनवासा पहुंचा और स्थानीय पुलिस व एसपी को सूचना दी।

घर पर पहुंचकर की फायरिंग, एक युवक घायल

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर पूछताछ कर रही थी, तभी हमलावर बताए जा रहे युवक पीड़ित के घर पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से गोविंद भारती गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी, और हालत नाजुक होने पर उसे रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने किया मामला दर्ज, छापेमारी जारी

घटना की जानकारी मिलते ही बड़हरिया थाना प्रभारी छोटन कुमार ने रात में ही पुलिस टीम भेजी। उन्होंने बताया कि पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपी घटना के बाद से फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।