किशनगंज में मध्य प्रदेश की एक युवती सेक्स रैकेट की चंगुल में फंसने से बच गई। वो गुरुवार की देर रात रेड लाइट एरिया से चोरी-छिपे भाग निकली और दो घंटे तक धान के खेत में छिपी रही। इसके बाद वो दारुल उलूम चौक के पास घूम रही थी। इस दौरान पुलिस ने अकेली लड़की को देखकर पूछताछ की, फिर मामले का खुलासा हुआ।

घटना बहादुरगंज थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने युवती को थाने में रखा है और परिजनों को मामले की सूचना दे दी है। परिजन मध्य प्रदेश से शनिवार को पहुंचेंगे। इसके बाद युवती को उन्हें सौंप दिया जाएगा।

किशनगंज में गुरुवार की रात पुलिस को अकेली मिली थी मध्यप्रदेश की युवती।

माता-पिता करना चाहते थे शादी

पुलिस की पूछताछ में युवती ने बताया कि ‘हम मध्य प्रदेश के रहने वाले है। परिवार काफी गरीब है। मैं पढ़ना चाहती थी, लेकिन माता-पिता जबरन शादी करवाना चाहते थे। लेकिन मैं पढ़ाई करने पटना आ गई थी।’

खान सर के क्लास में पढ़ने आई थी

युवती ने बताया कि खान सर के बारे में सुना था। इसलिए पटना पहुंची थी। यहां खान सर से मुलाकात की। खान सर ने मुझे पढ़ने की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया, लेकिन रहने और खाने का इंतजाम खुद करने को कहा था। इसको लेकर हम एक मॉल में नौकरी करने लगे।

मॉल में मिली थी तो लड़कियां

मॉल में दो लड़कियों से मुलाकात हुई। वे दोनों किशनगंज के बिशनपुर की रहने वाली थी। उन लड़कियों ने कहा कि हम कपड़े की पैकिंग का काम करते हैं, जहां अच्छे पैसे मिलते हैं। उन्होंने काम दिलाने का आश्वासन दिया, फिर मैं उन दोनों लड़कियों के साथ किशनगंज आ गई। यहां उन्होंने बिशनपुर के रेड लाइट एरिया मुझे बेच दिया।

पिछले एक महीने से भागने की कोशिश में थी

पिछले एक महीने से युवती को बिशनपुर रेड लाइट एरिया में रखा गया था। इस दौरान वो भागने की कोशिश कर रही थी। लेकिन पकड़ी जा रही थी। फिर उसे मारा पीटा जाता था। दो दिन पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी।

परिजनों को सूचना देकर की जा रही कार्रवाई

बहादुरगंज थाना के थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि मध्यप्रदेश की एक युवती मिली है। उसके परिजनों को मामले की सूचना दे दी गई है। युवती से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।