दीक्षांत समारोह में फूटा छात्रों का गुस्सा, कुलपति को  हटाने की मांग पर कुलाधिपति के समक्ष जोरदार प्रदर्शन

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

विश्वविद्यालय प्रशासन में लूट, भ्रष्टाचार, मनमानी और अराजकता के खिलाफ छात्रों का आक्रोश बुधवार को आयोजित दीक्षांत समारोह में खुलकर सामने आया। कुलाधिपति के आगमन पर सैकड़ों छात्रों ने शांतिपूर्ण लेकिन प्रभावी प्रदर्शन करते हुए कुलपति को पद से मुक्त करने तथा विश्वविद्यालय में पारदर्शिता बहाल करने की मांग उठाई।इस दौरान पहुंची विश्वविद्यालय थाना की पुलिस ने आंदोलनकारियों को रोकने का प्रयास किया ,लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन के कार्यशैली से क्षुब्ध छात्रों ने प्रदर्शन को और प्रभावी बनाया इस दौरान पुलिस ने चर्चित समाजसेवी प्रियंका झा को  हिरासत में लेकर थाने लायी जिसे बाद में छोड़ा गया।

इसके बावजूद छात्रों ने राष्ट्रगान के दौरान पूर्ण अनुशासन का परिचय दिया। सभी छात्र सावधान मुद्रा में खड़े होकर सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाते नजर आए, जिससे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित सभी अधिकारी भी प्रभावित हुए।

छात्र प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों से संबंधित विस्तृत मांग पत्र एसडीओ को सौंपा और कुलाधिपति से अभिलंब वार्ता के लिए समय निर्धारित करने का आग्रह किया। छात्रों ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।