किशनगंज के ढिकोनिया गांव में 137 मरीजों की जांच कर मुफ्त दवाइयां बांटी।
किशनगंज के ढिकोनिया गांव में गुरुवार 20 नबंवर को सहरिया जनजातीय समुदाय के लिए एक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। संकल्प सोसाइटी मामोनी ने एसबीआई सिक्योरिटीज के सहयोग से इस शिविर का संचालन किया। इसमें कुल 137 मरीजों की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

संकल्प सोसाइटी के चेयरमैन नंदकिशोर शर्मा ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण जनजातीय समुदाय के लोग अक्सर सामान्य स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। संस्था द्वारा संचालित मोबाइल हेल्थ कैंप और ग्रामीण स्वास्थ्य पहल उनके लिए बड़ी राहत प्रदान कर रही है।

शिविर में डॉ. राहुल मेहता ने मरीजों की जांच कर उनका उपचार किया। नर्सिंग ऑफिसर दिनेश राठौर और उनकी चिकित्सा टीम ने निशुल्क दवा वितरण के साथ-साथ बीपी, ब्लड शुगर, वजन, त्वचा रोग, पोषण स्थिति और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने, पौष्टिक आहार लेने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, मौसमी बीमारियों से बचाव और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया।

शिविर में आए अधिकांश मरीज खांसी-जुकाम, वायरल बुखार, त्वचा रोग (दाद-खुजली), एनीमिया, कमजोरी और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं से पीड़ित पाए गए। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उनकी विशिष्ट स्वास्थ्य आवश्यकताओं के अनुसार विशेष सलाह दी गई।

शिविर के सफल संचालन में सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रशेखर भार्गव, रामनिवास सहरिया और कन्हैयालाल चंदेल ने मरीजों के पंजीकरण और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया।