सोनपुर मेला 2025 में बिहार पुलिस प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ, डीजीपी ने किया वृत्तचित्र ‘बिहार पुलिस-2025’ का विमोचन

दस्तक 7मीडिया /संजय कुमार राय 

सोनपुर मेला 2025 में आज एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के तहत पुलिस महानिदेशक, बिहार ने बिहार पुलिस प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में पुलिस महानिदेशक द्वारा ‘बिहार पुलिस वृत्तचित्र–2025’ का भी भव्य रूप से विमोचन एवं प्रस्तुति की गई। इस वृत्तचित्र में बिहार पुलिस की आधुनिक क्षमताओं, तकनीकी सुदृढ़ता और लगातार बढ़ती जनसेवा की प्रतिबद्धता को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया है।

कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी में बिहार पुलिस की अब तक की प्रमुख उपलब्धियों, अत्याधुनिक उपकरणों, साइबर सुरक्षा पहल, महिला सुरक्षा संबंधी विशेष परियोजनाओं तथा आपदा प्रबंधन की तैयारियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। आगंतुकों को पुलिस की कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीक, अपराध नियंत्रण की रणनीतियों तथा सामुदायिक पुलिसिंग की पहल के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई गई।

डीजीपी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार पुलिस निरंतर तकनीकी उन्नयन और जनभागीदारी के मॉडल पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की प्रदर्शनी से आम जनता में पुलिस कार्यों के प्रति भरोसा और जागरूकता बढ़ेगी।

सोनपुर मेले के आगंतुकों ने भी प्रदर्शनी में गहरी रुचि दिखाई और विशेषकर डिजिटल पुलिसिंग, ड्रोन निगरानी प्रणाली, फॉरेंसिक तकनीक और आपातकालीन प्रतिक्रिया से जुड़े हिस्से को सराहा।

सोनपुर मेला परिसर में यह प्रदर्शनी मेले की अवधि तक आम जनता के लिए खुली रहेगी।