शहर के इस्माइल शहीद रोड स्थित शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल में चिल्ड्रन्स डे का उत्सव बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के निदेशक प्रो. (डॉ.) राशिद शिब्ली के उद्बोधन से हुई। उन्होंने बच्चों को चिल्ड्रन्स डे का महत्व समझाते हुए कहा कि किसी भी जीवन में सफलता पाने के लिए डिसिप्लिन, ईमानदारी और परिश्रम सबसे बुनियादी स्तंभ हैं। उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि यदि वे इन गुणों को अपने चरित्र में शामिल कर लें, तो जीवन की हर चुनौती उनके लिए सरल हो जाएगी।

कार्यक्रम में शिक्षक इजाज अहमद ने भी बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में जो रुकावटें और परेशानियाँ हम बड़े होने के बाद महसूस करते हैं, वह आने वाली पीढ़ी को न झेलनी पड़े, इसके लिए आवश्यक है कि बच्चे अभी से समय का महत्व समझें और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें। उत्सव का सबसे आकर्षक क्षण तब आया जब डॉ. राशिद शिब्ली ने केक काटकर बच्चों को खिलाया, जिससे पूरा माहौल खुशियों से भर गया।