डीईओ ने कहा है कि यह आदेश छात्रहित में जारी किया गया है ताकि मतगणना के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी असुविधा से बच्चों को बचाया जा सके।
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मतगणना कार्य को देखते हुए जिला प्रशासन ने आज (शुक्रवार) को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, निजी विद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) राजकुमार शर्मा ने बुधवार को निर्देश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, मतगणना दिवस पर जिले में संभावित भीड़, यातायात में बाधा और सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि मतगणना केंद्रों के आसपास तथा शहर के विभिन्न हिस्सों में पुलिस बल की तैनाती रहेगी और वाहनों की आवाजाही सीमित होगी, जिससे छात्रों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो सकती है। इसी को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।

मतगणना की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं

डीईओ ने कहा है कि यह आदेश छात्रहित में जारी किया गया है ताकि मतगणना के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी असुविधा से बच्चों को बचाया जा सके। जिले के सभी विद्यालयों सरकारी, निजी एवं गैर-सहायता प्राप्त के साथ-साथ कोचिंग संस्थानों पर भी यह निर्देश समान रूप से लागू होगा। मतगणना की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी के निर्देशानुसार शुक्रवार सुबह से मतगणना कार्य आरंभ होगा। जिले के भागलपुर, नाथनगर, सुल्तानगंज, गोपालपुर, कहलगांव और पीरपैंती विधानसभा क्षेत्रों के परिणाम घोषित किए जाएंगे। प्रशासन ने मतगणना केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का भी निर्देश दिया है।