सीतामढ़ी के बेलसंड थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह डुमरिया घाट के समीप एक युवक का शव मिला। सड़क किनारे झाड़ियों के नीचे शव देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बेलसंड एसडीपीओ और थानाध्यक्ष सुशील कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान बेलसंड थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी राम नरेश कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक बीती रात साइकिल से अपने घर लौट रहा था। सुबह खेत की ओर निकले लोगों ने सड़क से कुछ दूरी पर शव देखा। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं।
हत्या कर शव फेंकने की आशंका
इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को सड़क से नीचे फेंका गया है, ताकि इसे दुर्घटना का रूप दिया जा सके। थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला हो सकता है, लेकिन अंतिम स्थिति पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया गया है।
ग्रामीणों से पूछताछ कर रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। पुलिस टीम ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।
