भागलपुर के नाथनगर ब्लॉक कैंपस में किसानों ने जमकर हंगामा किया। मुख्यमंत्री बीज वितरण योजना के तहत बीज नहीं मिलने से सैकड़ों किसान भड़क गए। नाराजगी जताते हुए जमकर नारेबाजी की। नूरपुर सहित 16 पंचायत के किसान बीज लेने के लिए पहुंचे थे।
हंगामा कर रही महिलाओं ने कहा कि कई दिनों से यहां आ रही हूं, लेकिन तकनीकी समस्या बताकर लौटा दिया जाता है। मेरे सामने में कई लोगों को बीज दिया, लेकिन हमें नहीं दिया जा रहा है। लंबी कतार में खड़े होकर रोज अपनी पारी का इंतजार करते हैं। हर दिन निराशा ही हाथ लगती है।
महिला किसान रूबी देवी ने बताया…
पिछले कई दिनों से पंचायत सचिव और वितरण कर्मियों के पास बीज लेने जा रहे हैं। हर बार यह कहकर लौटा दिया जाता है कि आज स्टॉक नहीं आया है, कल आना। योजना के नाम पर पंचायत स्तर पर मनमानी की जा रही है। पात्र किसानों को अब तक बीज नहीं मिला है।
बीज नहीं मिलने के बाद ब्लॉक परिसर में महिलाओं ने किया हंगामा।
जमीनी स्तर पर काम नहीं हो रहा है
किसानों ने नारेबाजी करते हुए प्रखंड परिसर में प्रदर्शन किया। किसान केश्वर यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री बीज वितरण योजना के तहत सभी पंजीकृत किसानों को चना, मसूर, सरसों और गेहूं का प्रमाणित बीज अनुदान दर पर दिया जाना था। जमीनी स्तर के किसानों को नहीं देकर वैसे लोगों को दिया जा रहा है जो खेती तक नहीं करते हैं।
वहीं, सरिता देवी ने कहा कि अब रबी की बुआई का समय निकलता जा रहा है, ऐसे में अगर जल्द बीज नहीं मिला तो फसल का नुकसान होगा।
ब्लॉक कैंपस में महिलाओं की भीड़।
2 घंटे तक नारेबाजी
करीब दो घंटे तक प्रखंड परिसर में चली नारेबाजी के बाद प्रशासन के आश्वासन पर किसानों ने प्रदर्शन समाप्त किया, लेकिन यह भी साफ कहा कि अगर समय पर बीज नहीं मिला, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
