14 नवंबर को दरभंगा में होगी 10 विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना ,जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने की विस्तृत जानकारी साझा

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी  कौशल ने बताया कि दरभंगा जिले के सभी 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना आगामी 14 नवम्बर 2025 (गुरुवार) को कृषि उत्पाद बाजार समिति, शिवधारा, दरभंगा में प्रातः 8:00 बजे से प्रारंभ होगी।

उन्होंने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों —
78-कुशेश्वरस्थान, 79-गौड़ाबौराम, 80-बेनीपुर, 81-अलीनगर, 82-दरभंगा ग्रामीण, 83-दरभंगा, 84-हायाघाट, 85-बहादुरपुर, 86-केवटी तथा 87-जाले — के लिए ईवीएम मतों की गणना हेतु 14-14 टेबल निर्धारित किए गए हैं।

साथ ही, प्रत्येक मतगणना कक्ष में पोस्टल बैलट की गणना हेतु तीन अलग टेबल बनाए गए हैं।
मतगणना कार्य में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मियों को प्रवेश हेतु निर्वाचन पास के साथ फोटोयुक्त वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि गणना अभिकर्ताओं का प्रवेश पत्र विधानसभावार अलग-अलग रंग के कार्ड बॉर्ड पर निर्गत किया जाएगा, ताकि पहचान में सहजता रहे।

संपूर्ण मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी, जिसमें बज्रगृह के खुलने से लेकर प्रत्येक ईवीएम के गणना पटल तक लाने की पूरी प्रक्रिया सम्मिलित होगी।

विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि —

“मतगणना कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया जाएगा।”

उन्होंने यह भी बताया कि जिला अग्निशमन पदाधिकारी, दरभंगा को निर्देश दिया गया है कि 14 नवम्बर को प्रातः 5:00 बजे से दो फायर ब्रिगेड दस्ता मतगणना केंद्र परिसर में नियंत्रण कक्ष के समीप प्रतिनियुक्त रहेंगे।