दिल्ली-मुंबई समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट, मिथिला रेंज में भी सुरक्षा सख्त ,डीआईजी डॉ. स्वप्ना गौतम मेश्राम के निर्देश पर बढ़ी चौकसी

दस्तक 7मीडिया /संजय कुमार राय

लाल किला के पास हुए धमाके के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। दिल्ली और मुंबई के साथ-साथ अब बिहार के सीमावर्ती जिलों में भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

मिथिला रेंज की डीआईजी डॉ. स्वप्ना गौतम मेश्राम ने दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि नेपाल सीमा से लगे इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए और सीमा पार से आने-जाने वाले लोगों की पूरी जांच सुनिश्चित हो।

डीआईजी ने सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को होटल, लॉज और रेस्टोरेंट्स में ठहरने वाले संदिग्ध लोगों की जांच कराने तथा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने का आदेश दिया है। साथ ही, रात्री गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती और सीसीटीवी फुटेज की नियमित जांच करने को कहा गया है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दरभंगा रेंज में पुलिस को हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नज़र रखने और आम जनता से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।