दिल्ली लाल किला ब्लास्ट के बाद मुंबई हाई अलर्ट पर, सुरक्षा एजेंसियाँ चौकन्नी

दस्तक 7मीडिया ,संजय कुमार राय 

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-1 के पास हुए भीषण कार ब्लास्ट के बाद मुंबई में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम कर दिए गए हैं। मुंबई पुलिस ने रेलवे स्टेशन, मॉल, होटल, बाजार और धार्मिक स्थलों पर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। इस धमाके में अब तक 13 लोगों की मौत और 20 से अधिक घायल होने की पुष्टि हुई है।

दिल्ली ब्लास्ट को लेकर राष्ट्रीय सतर्कता बढ़ाई गई

जांच एजेंसियों का मानना है कि यह विस्फोट आतंकी साजिश का नतीजा हो सकता है। कार तीन घंटे तक लाल किला परिसर के पास खड़ी रही थी और विस्फोट में इस्तेमाल हुए विस्फोटक सामग्री की जांच एनआईए और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल कर रही है। घटना के बाद देशभर में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।

मुंबई में होटल, स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ी चेकिंग

मुंबई पुलिस ने सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा है। हर होटल, लॉज और गेस्ट हाउस में आने-जाने वाले लोगों की पहचान की जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशनों, एयरपोर्ट और मॉल्स में अतिरिक्त डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोज़ल टीमों की तैनाती की गई है।

मुख्यमंत्री ने की उच्चस्तरीय बैठक, जनता से सतर्क रहने की अपील

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य पुलिस और गुप्तचर विभाग के साथ आपात बैठक की। उन्होंने कहा, “राज्य में किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, लेकिन सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”

फिलहाल मुंबई में हालात सामान्य लेकिन सुरक्षा टॉप गियर में

मुंबई पुलिस आयुक्त ने बताया कि शहर में किसी भी संदिग्ध तत्व या गतिविधि की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। शहरवासियों से अपील की गई है कि सार्वजनिक स्थलों पर सतर्क रहें और पुलिस की सुरक्षा जांच में सहयोग करें।