अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, परिजनों में कोहराम

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

शोभन-एकमी बायपास सड़क पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोढ़ियारी पंचायत के मुस्तफापुर निवासी रामबाबू यादव के पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है। यह घटना विशनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुकेश कुमार बाइक लगाकर भरौल चौक से पश्चिम सड़क किनारे खड़ा था, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और शोभन की ओर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल डीएमसीएच पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सूचना पर विशनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।