कैमूर के हाटा हाई स्कूल मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार और नौकरी देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को भी गिनाया।

2 लाख 58 हजार शिक्षकों की हुई बहाली

शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि लड़के-लड़कियों के लिए शुरू की गई साइकिल योजना से शिक्षा को बढ़ावा मिला है। उन्होंने बताया कि अब तक 2 लाख 58 हजार शिक्षकों की बहाली की जा चुकी है, जबकि 77 हजार शिक्षकों की परीक्षा पास करना अभी बाकी है।

2006 से अस्पतालों में मुफ्त इलाज और दवा की सुविधा दी

स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार का जिक्र करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि 2006 से अस्पतालों में मुफ्त इलाज और दवा की सुविधा शुरू की गई है। वर्तमान में हर महीने औसतन 11 हजार लोग इन सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 6 से बढ़कर 12 हो गई है और 27 जिलों में नए मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं।

सात निश्चय योजना के तहत ग्रामीण सोलर लाइट

मुख्यमंत्री ने सड़कों और पुलों के निर्माण से कनेक्टिविटी में आए सुधार पर भी बात की। उन्होंने कहा कि अब राज्य के किसी भी कोने से पटना छह घंटे में पहुंचा जा सकता है। सात निश्चय योजना के तहत ग्रामीण सोलर लाइट, हर खेत तक सिंचाई और टेलीमेडिसिन जैसी योजनाएं सफलतापूर्वक चल रही हैं।

रोजगार के वादे को दोहराते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार और नौकरी दी जाएगी।

विश्व बैंक से कर्ज लेकर महिलाओं को जीविका समूह से जोड़ा

उन्होंने नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर महिलाओं को जीविका समूह से जोड़ा गया था, और अब उन्हें शहरी क्षेत्रों से भी जोड़ा जा रहा है।

अब हर घर को मुफ्त बिजली दी जा रही,

बिजली आपूर्ति में हुई क्रांति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पटना में भी सिर्फ आठ घंटे बिजली मिलती थी, लेकिन अब हर घर को मुफ्त बिजली दी जा रही है। कानून-व्यवस्था पर उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बिहार में अब डर का माहौल नहीं, बल्कि कानून का राज है।

सीएम ने प्रत्याशी को पहनाई विजय माला।
उन्होंने कैमूर जिले में चल रहे विकास कार्यों की भी जानकारी दी, जिसमें मेडिकल कॉलेज, अधौरा में डिग्री कॉलेज, मोहनिया बाईपास, गंगा जल लिफ्ट योजना, पेयजल आपूर्ति और सड़क निर्माण शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि उनकी सरकार सबके लिए काम करती है और किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं करती।