विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले कैमूर के चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी जमा खान का जनसंपर्क अभियान जोर पकड़ता जा रहा है। विभिन्न गांवों में उनके समर्थन में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ रही है। जगह-जगह लोगों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया।

जहां जा रहा हूं, नौजवानों का जनसैलाब मिल रहा है- जमा खान

जनसंपर्क के दौरान उत्साहित जमा खान ने कहा, जहां-जहां मैं जा रहा हूं, वहां नौजवानों का जो जनसैलाब मिल रहा है, वह देखने लायक है। मैं उनके जोश और जज्बे को सलाम करता हूं। उन्होंने दावा किया कि चैनपुर विधानसभा में एनडीए की जीत एकतरफा होगी।

विकास के हर क्षेत्र में एनडीए ने खींची लकीर- जमा खान

एनडीए प्रत्याशी ने कहा, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में जो काम हुआ है, वह एनडीए सरकार की देन है। उन्होंने कहा, मैं राजद और कांग्रेस से पूछना चाहता हूं, क्या उनके अपने क्षेत्रों में विकास नहीं हुआ? यह सब एनडीए की नीति और सुशासन का परिणाम है।

मस्जिद में आस्था है, तो मंदिर में भी- जमा खान

धर्मनिरपेक्षता और सौहार्द पर बोलते हुए जमा खान ने कहा, मेरी अगर मस्जिद में आस्था है तो मंदिर में भी है। बिहार में अब जाति और धर्म की दीवारें टूट चुकी हैं। जनता भाईचारे और सौहार्द के साथ एनडीए के साथ खड़ी है।

बिहार में फिर नीतीश कुमार की सरकार बनेगी

जमा खान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कैमूर आगमन पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा, मोदी जी दुनिया के लोकप्रिय नेता हैं, लोग उन्हें देखने और सुनने के लिए उत्साहित रहते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि चैनपुर विधानसभा में एनडीए भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी और “बिहार में एक बार फिर नीतीश कुमार की सरकार बनेगी।