केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कटिहार के कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कविता पासवान के समर्थन में आयोजित इस सभा में घुसपैठियों के मुद्दे पर अपनी बात रखी, आतंकवाद पर बयान दिया और लालू यादव व राहुल गांधी पर निशाना साधा।
शाह ने सीमांचल की धरती से घुसपैठियों को बाहर निकालने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने कुछ महीने पहले ‘घुसपैठिए बचाओ यात्रा’ निकाली थी। गृह मंत्री ने दृढ़ता से कहा कि उनकी सरकार एक-एक घुसपैठिए को बाहर करके रहेगी और जंगल राज में अवैध तरीके से जड़ें जमा चुके सभी घुसपैठियों को उखाड़ फेंकेगी।
‘आतंकियों की गोली का जवाब गोला से दिया जाएगा’
अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि आतंकियों की गोली का जवाब गोला से दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि 11 नवंबर को दूसरे चरण के मतदान के बाद लालू और राहुल की पार्टी का पूरी तरह सफाया हो जाएगा। शाह ने आरोप लगाया कि लालू यादव और राहुल गांधी को अपने वोट बैंक खिसकने का डर है।
जंगल राज लाने वालों को वापस नहीं आने देना चाहिए – अमित शाह
अमित शाह ने लालू-राबड़ी शासनकाल पर बिहार में अपहरण, डकैती, फिरौती, लूट और हत्या जैसे ‘उद्योग’ स्थापित करने का आरोप लगाया। इसके विपरीत, उन्होंने मोदी और नीतीश सरकार की जोड़ी को बिहार में विकास करने का श्रेय दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि राजद की सरकार बनने पर अपहरण, लूट और खून-खराबे का मंत्रालय बनेगा, इसलिए जंगल राज लाने वालों को वापस नहीं आने देना चाहिए।
मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनाने की चिंता करने का आरोप लगाया
अंत में, शाह ने लालू और सोनिया गांधी पर अपने बेटों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनाने की चिंता करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो अपने परिवार का भला चाहते हैं, वे बिहार का भला नहीं कर सकते।
उन्होंने भ्रष्टाचार के मामलों की चर्चा करते हुए कहा कि चारा घोटाले से लेकर भूमि के बदले नौकरी तक लालू परिवार ने सिर्फ घोटाले की जबकि मोदी और नीतीश सरकार पर एक पैसे का भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है।
‘आतंकी पकड़ा जाता तो उसे बिरयानी खिलाई जाती थी’
जब कांग्रेस और लालू की सरकार थी तब आए दिन देश की धरती पर आतंकी हमले होते थे अगर गलती से कोई आतंकी पकड़ा जाता तो उसे बिरयानी खिलाई जाती थी। यह मोदी सरकार है जिसने आतंकियों और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है अगर पाकिस्तान ने गोली चलाई तो उसका जवाब हम गोला से देंगे।
