कोढ़ा के एनएच-31 स्थित पवई चौक के समीप गुरुवार की शाम एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक कुरसेला से गेड़ाबाड़ी की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद लोगों ने दोनों को कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. विनीत कुमार ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उमेश मुंडा (45), निवासी देवीपुर, थाना कुरसेला के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक राजेश मुंडा (38), निवासी मजदिया, थाना कुरसेला बताया गया है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायल राजेश ने बताया कि वे दोनों गेड़ाबाड़ी की ओर जा रहे थे। पवई चौक के पास सामने से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में उनका बड़े पापा का बेटा उमेश मुंडा मौके पर ही ट्रक के नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया।