मतदान उपरांत दरभंगा में ईवीएम और वीवीपैट स्ट्रांग रूम में सुरक्षित, तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के प्रथम चरण के तहत दरभंगा जिला के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों — 78-कुशेश्वरस्थान (अ.जा.), 79-गौड़ाबौराम, 80-बेनीपुर, 81-अलीनगर, 82-दरभंगा ग्रामीण, 83-दरभंगा, 84-हायाघाट, 85-बहादुरपुर, 86-केवटी और 87-जाले — में 06 नवम्बर 2025 को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। जिले के कुल 3329 मतदान केन्द्रों पर मतदान कराया गया।
मतदान की समाप्ति के बाद सभी मतदान केंद्रों से ईवीएम और वीवीपैट को अभ्यर्थियों/निर्वाचन अभिकर्ताओं तथा केन्द्रीय प्रेक्षकों की उपस्थिति में वीडियोग्राफी के साथ सीलबंद करते हुए, कृषि उत्पाद बाजार समिति, शिवधारा, दरभंगा स्थित Polled EVM Strong Room में डबल लॉक सिस्टम के तहत सुरक्षित रखा गया है।
स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
अंदरूनी सुरक्षा का दायित्व केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बलों को सौंपा गया है, जिनकी एक प्लाटून तैनात है।
बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी जिला पुलिस संभाल रही है।
इसके अतिरिक्त परिसर में 24×7 CCTV निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मॉक पोल के दौरान खराब पाई गई एवं सुरक्षित बची हुई ईवीएम और वीवीपैट को निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अलग चिन्हित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है।
निर्वाचन लड़ने वाले सभी अभ्यर्थियों को लिखित सूचना दी गई है कि वे अपने प्रतिनिधियों को स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी हेतु नियुक्त कर सकते हैं। उन्हें सुरक्षा के बाहरी परिधि क्षेत्र में रहने की अनुमति दी गई है तथा CCTV डिस्प्ले की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
मतगणना दिवस 14 नवम्बर 2025 को स्ट्रांग रूम को अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं केन्द्रीय प्रेक्षकों की उपस्थिति में वीडियोग्राफी के बीच खोला जाएगा, जिसके बाद मतगणना की प्रक्रिया आरंभ होगी।