दरभंगा में जिला कंट्रोल रूम हुआ सक्रिय, लहेरियासराय के प्रेक्षागृह से हो रहा चौबीसों घंटे निगरानी संचालन

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /गुड्डू ताज 

दरभंगा, 06 नवम्बर 2025 :- बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह को जिला कंट्रोल रूम के रूप में पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। यहाँ से जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

कंट्रोल रूम में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

कंट्रोल रूम में अत्याधुनिक संचार उपकरण, टेलीफोन लाइनें, कंप्यूटर सिस्टम तथा ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से मतदान संबंधी सूचनाएँ, शिकायतें, वाहन संचालन, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य चुनावी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी ने बताया कि कंट्रोल रूम में प्राप्त हर सूचना को तत्काल संबंधित पदाधिकारी को अग्रसारित कर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी सूचनाओं का दस्तावेजीकरण किया जा रहा है।