सुबह 11 बजे तक दरभंगा जिले में 26.07% मतदान, जाले और केवटी विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक उत्साह

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत दरभंगा जिले के सभी दस विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। जिलेभर में मतदाताओं में लोकतंत्र के महापर्व को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त VTR रिपोर्ट के अनुसार पूर्वाह्न 11:00 बजे तक जिले में औसतन 26.07 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

अब तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जाले विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 29.15 प्रतिशत, जबकि केवटी में 28.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। वहीं बहादुरपुर में 27.06, दरभंगा ग्रामीण में 26.47, हायाघाट में 25.39, बेनीपुर में 25.06, कुशेश्वरस्थान में 25.65, अलीनगर में 24.96, गौड़ाबौराम में 24.07 तथा दरभंगा नगर में 23.90 प्रतिशत मतदान की सूचना प्राप्त हुई है।

सुबह के समय मतदाताओं की लंबी कतारें कई मतदान केंद्रों पर देखी गईं। महिला मतदाता भी बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुँच रही हैं। प्रशासन की ओर से सभी बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं।