बिहार चुनाव, बिरौल नियंत्रण कक्ष से ‘कुशेश्वरस्थान’ और ‘गौड़ा बौराम’ विधानसभा पर रहेगी पैनी नजर।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिहार विधानसभा आम चुनाव में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिरौल अनुमंडल मुख्यालय में दो विधानसभा क्षेत्र का अलग-अलग एक अत्याधुनिक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष न केवल चुनावी प्रक्रिया की हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रखेगा, बल्कि संपूर्ण विधि-व्यवस्था को कायम रखने का भी प्रमुख केंद्र होगा।


यह विशेष नियंत्रण कक्ष बिरौल अनुमंडल के अंतर्गत आने वाले दो महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों— 78-कुशेश्वरस्थान (सुरक्षित) के 300 और 79-गौड़ा बौराम— के 296 मतदान केंद्रों की गतिविधियों पर सीधे तौर पर निगरानी रखेगा।
कुशेश्वरस्थान (78) सुरक्षित सीट होने के नाते यहां की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष ध्यान दिया जाएगा। गौड़ा बौराम (79) इस क्षेत्र के तमाम बूथों की निगरानी भी इसी नियंत्रण कक्ष से की जाएगी।
नियंत्रण कक्ष का मुख्य उद्देश्य सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान से लेकर किसी भी संभावित गड़बड़ी या अप्रिय घटना को तत्काल रोकना है।
चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह केंद्र पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करेगा।
यहां तैनात अधिकारी मतदान केंद्रों से लगातार संपर्क में रहेंगे और मतदान शुरू होने (मॉक पोल सहित), मतदान की प्रगति, और EVM को वज्रगृह तक सुरक्षित जमा कराने संबंधी सभी सूचनाएं प्राप्त करते रहेंगे। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति, सुरक्षा उल्लंघन, या शिकायत मिलने पर यहां से तुरंत संबंधित वरीय अधिकारियों और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को अलर्ट किया जाएगा ताकि अविलंब कार्रवाई हो सके। यह नियंत्रण कक्ष मतदान से पूर्व की तैयारी, मतदान के दिन कार्यरत रहेगा।
निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने संयुक्त रूप से नियंत्रण कक्ष में तैनात सभी कर्मियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सूचनाओं के आदान-प्रदान में किसी भी तरह की लापरवाही या लेट-लतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कदम से यह स्पष्ट है कि बिरौल प्रशासन इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में रिकॉर्ड-तोड़ और निष्पक्ष मतदान कराने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।