एनडीए की सरकार में गुजरात से चलता है बिहार : मोहम्मद सलीम,

10 हजार का प्रलोभन देकर महिलाओं का वोट खरीदना चाहती है नीतीश सरकार : वृंदा करात

दस्तक 7मीडिया ,हायाघाट /बहादुरपुर 

हायाघाट विधानसभा क्षेत्र के बालुआहा एवं भच्छी में आयोजित महागठबंधन समर्थित जनसभाओं में सीपीआई (एम) के वरिष्ठ नेताओं ने एनडीए सरकार पर तीखे प्रहार किए।

हायाघाट विधानसभा से महागठबंधन समर्थित सीपीआई (एम) प्रत्याशी श्याम भारती के समर्थन में आयोजित सभा में पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य एवं पूर्व सांसद मोहम्मद सलीम ने कहा कि भाजपा की सरकार से देश त्रस्त है और बिहार में डबल इंजन की सरकार ने बीते 20 वर्षों में जनता को केवल छलने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि बिहार को “मजदूर जोन” बना दिया गया है। गरीबों को घर के लिए बास की जमीन तक नहीं मिलती, जबकि उद्योगपतियों को ₹1 प्रति एकड़ की दर से भूमि दी जा रही है।
सलीम ने कहा कि भाजपा और नीतीश सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए हिंदू–मुस्लिम, अगड़ा–पिछड़ा की राजनीति करती है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर एनडीए सरकार को हटाने की अपील करते हुए कहा, “जब बिहार से भाजपा जाएगी, तभी देश मोदी से आज़ाद होगा।”

वहीं, भच्छी स्थित मणिकांत यादव कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक अन्य सभा में पूर्व सांसद एवं पार्टी की वरिष्ठ नेता वृंदा करात ने नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को ₹10,000 का लालच देकर वोट खरीदना चाहती है। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं इस सरकार की वास्तविकता जान चुकी हैं — “जिनके बेटे और पति रोज़गार की तलाश में प्रदेशों में भटक रहे हैं, वे इस बार अपने वोट से जवाब देंगी।”

वृंदा करात ने कहा कि हायाघाट से महागठबंधन प्रत्याशी श्याम भारती हमेशा महिलाओं के सवालों, आशा और आंगनबाड़ी सेविकाओं के आंदोलन के साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे श्याम भारती को भारी मतों से विजयी बनाएं ताकि सदन में आम जनता की आवाज़ बुलंद हो सके।

उन्होंने भाजपा पर “मनुवाद को स्थापित करने और महिलाओं को दोयम दर्जे का दर्जा देने” का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाएं इस बार अपने हक़ के लिए संगठित होकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगी।