निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर दो पंचायत सचिव निलंबित
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिला पदाधिकारी, दरभंगा ने दो पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इनमें बहेड़ी प्रखंड के पंचायत सचिव पवन कुमार पासवान तथा सदर प्रखंड के पंचायत सचिव विष्णुदेव पासवान शामिल हैं। दोनों पर कर्तव्य पालन में गंभीर लापरवाही का आरोप पाया गया।
गौरतलब है कि 01 नवम्बर को जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा निरीक्षण के दौरान 83–दरभंगा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मब्बी इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप बनाए गए चेक पोस्ट पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी विष्णुदेव पासवान, पंचायत सचिव (सदर प्रखंड) बैठे हुए पाए गए। निरीक्षण के समय वाहनों की जांच नहीं की जा रही थी, जबकि स्टैटिक निगरानी दल को आवागमन करने वाले संदिग्ध वाहनों की सतर्कता पूर्वक जांच का स्पष्ट निर्देश दिया गया था।
लापरवाही पाए जाने पर, बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के नियम 9 (1)(क) के तहत श्री पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय प्रखंड कार्यालय कुशेश्वरस्थान पूर्वी निर्धारित किया गया है।
इसी प्रकार, दूसरे मामले में बहेड़ी प्रखंड के पंचायत सचिव पवन कुमार पासवान को निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण निलंबित किया गया है।
यह कार्रवाई 84 हायाघाट विधानसभा क्षेत्र के सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी–सह–प्रखंड विकास पदाधिकारी, बहेड़ी के प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।