अब नागरिक भी बनेंगे चुनाव के प्रहरी – “C-VIGIL” ऐप से करें सीधे आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत,

100 मिनट में होगा समाधान, शिकायतकर्त्ता की पहचान रहेगी पूरी तरह गोपनीय

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दौरान आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने C-VIGIL (सिविजिल) मोबाइल एप को एक सशक्त डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से कोई भी आम नागरिक आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत सीधे चुनाव आयोग तक पहुँचा सकता है।

उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज करने के 100 मिनट के भीतर उसका निवारण किया जाता है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि शिकायतकर्त्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।

श्री कुमार ने नागरिकों से अपील की कि वे निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका निभाएँ तथा किसी भी उल्लंघन की सूचना C-VIGIL ऐप के माध्यम से दें।

उन्होंने बताया कि इस ऐप से नागरिक सांप्रदायिक भाषण, शराब या धन वितरण, फेक न्यूज, पेड न्यूज, हथियार प्रदर्शन, संपत्ति क्षति (दीवार लेखन/पोस्टर), मुफ्त वितरण, मतदाता परिवहन, धमकी या प्रताड़ना जैसी गतिविधियों की शिकायत कर सकते हैं।

शिकायतकर्ता Android या iOS प्लेटफॉर्म से “C-VIGIL” ऐप डाउनलोड कर सकते हैं और मौके से ही फोटो या वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज कर सकते हैं, जिससे लोकेशन ऑटोमैटिकली कैप्चर हो जाती है और जाँच दल को स्थल तक पहुँचने में आसानी होती है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि दरभंगा जिले में अब तक C-VIGIL ऐप के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया गया है।