विधानसभा चुनाव 2025 : दरभंगा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम और वीवीपैट का कमीशनिंग कार्य संपन्न

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत दरभंगा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) मशीनों का कमीशनिंग कार्य निर्वाची पदाधिकारियों की देख-रेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित होने और द्वितीय रैंडमाइजेशन के उपरांत बीयू (BU), सीयू (CU) एवं वीवीपैट मशीनों का मतदान केंद्रवार कमीशनिंग किया गया। इस दौरान मशीनों में बैलेट पेपर लगाया गया, उम्मीदवार सेटिंग की गई तथा प्रतीक चिह्न (Symbol) लोड किए गए। आयोग के निर्देशानुसार सभी मशीनों को एड्रेस टैग और पिंक पेपर सील से सील किया गया।

कमीशनिंग कार्य निम्नलिखित स्थलों पर आयोजित हुआ —
• कुशेश्वरस्थान (अ.जा) : +2 नंदकिशोर उच्च विद्यालय, सतीघाट (28 से 30 अक्टूबर)
• गौड़ाबौराम : श्री कृष्ण आइडियल पब्लिक स्कूल, सुपौल बाजार बिरौल (28 से 30 अक्टूबर)
• बेनीपुर : +2 जयानंद उच्च विद्यालय, बहेड़ा (28 से 31 अक्टूबर)
• अलीनगर : +2 जनता उच्च विद्यालय, शिवनगरघाट घनश्यामपुर (28 से 31 अक्टूबर)
• दरभंगा ग्रामीण : बाजार समिति, शिवधारा (28 से 31 अक्टूबर)
• दरभंगा : संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर, बज्रगृह परीक्षा भवन (28 से 30 अक्टूबर)
• हायाघाट : आईटीआई, रामनगर (28 से 31 अक्टूबर)
• बहादुरपुर : राजकीय पॉलिटेक्निक, कादिराबाद (28 से 31 अक्टूबर)
• केवटी : पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, वायुसेवा स्थल (28 से 30 अक्टूबर)
• जाले : दरभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (28 से 31 अक्टूबर)

कमीशनिंग प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को स्वयं अथवा अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से उपस्थित होकर मशीनों की जांच करने का अवसर दिया गया। सभी मशीनों की कमीशनिंग पूर्ण होने के बाद 5 प्रतिशत मशीनों को रैंडम रूप से चुनकर उनमें 1000 वोट डालकर ईवीएम और वीवीपैट पर्चियों की गिनती कर सत्यापन किया गया।

कमीशनिंग पूर्ण होने के बाद सभी मशीनों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत स्ट्रॉगरूम में सुरक्षित रखा गया है। मतदान के दिन मशीनों को अभ्यर्थियों की उपस्थिति में वीडियोग्राफी के साथ स्ट्रॉगरूम से निकालकर मतदान केंद्रों पर भेजा जाएगा।