कैमूर जिले के भगवानपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को 20 लीटर देसी महुआ शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी भगवानपुर–नौगढ़ मुख्य मार्ग पर की गई। पकड़े गए युवकों की पहचान किनरचोला गांव निवासी राजीव कुमार (21) और रंजन कुमार (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी होंडा शाइन बाइक (UP 64 A 9197) भी जब्त की है।
थाना प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में शराब की ढुलाई कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एएसआई राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रामावतपुर के पास घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। उनके पास से 20 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की गई। दोनों के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार भगवानपुर क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति पहाड़ी और जंगली इलाका तस्करों के लिए छिपने और शराब ढोने में मददगार साबित होती है। बावजूद इसके, पुलिस गुप्त सूचना तंत्र और सघन जांच अभियान के जरिए लगातार इन गतिविधियों पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
