कटिहार में मोन्था चक्रवात का असर साफ देखा जा सकता है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। इसका प्रभाव बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान पर भी पड़ा है, खासकर कटिहार के सात विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले द्वितीय चरण के मतदान को लेकर।

असदुद्दीन ओवैसी, तेजस्वी, राजेश रंजन और पप्पू यादव नहीं कर पाए सभा

खराब मौसम के चलते विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों और स्टार प्रचारकों की कई जनसभाएं रद्द करनी पड़ी हैं। बीते दो दिनों में बलरामपुर में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की सभा, कदवा में कांग्रेस प्रत्याशी के लिए तेजस्वी यादव की सभा, बरारी में कांग्रेस प्रत्याशी के लिए राजेश रंजन और पप्पू यादव की सभा स्थगित हुई।

बारिश के चलते बाजार में सन्नाटा।
शनिवार को मनिहारी विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी शंभू कुमार सुमन के समर्थन में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी की जनसभा भी रद्द कर दी गई। यह सभा मनिहारी के फतेहनगर पंचायत स्थित कालीगंज मैदान में होनी थी।

बारिश के कारण हेलीपैड और सभा स्थल पर जलजमाव

लोजपा प्रखंड अध्यक्ष सह सभा प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि जनसभा को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। हालांकि, भारी बारिश के कारण हेलीपैड और सभा स्थल पर जलजमाव हो गया, जिससे सभा को स्थगित करना पड़ा।