उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आज शुक्रवार को बिहार के 3 जिलों में सभा हो रही है। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ वैशाली के लालगंज पहुंचे हैं।

वैशाली में सभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा- ‘इतनी बारिश के बीच भी आपलोग यहां आए, इसके लिए मैं धन्यवाद देता हूं। मुझे लोगों ने कहा था कि वैशाली में कार्यक्रम नहीं हो पाएगा, क्योंकि वहां पानी भरा हुआ है।’

‘आप कीचड़ में खड़े हैं, और मैं जानता हूं आपकी मेहनत कीचड़ में कमल खिलाने का काम करेगी।’

कांग्रेस और राजद राम मंदिर का विरोध करते हैं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- ‘कांग्रेस और राजद राम मंदिर का विरोध करते हैं। कांग्रेस ने कोर्ट में कहा था कि राम हैं ही नहीं।’ वहीं बिहार में राजद ने राम मंदिर के रथ को भी रोका था। इनके पार्टनर यूपी में राम भक्तों पर गोली चलाती है।

‘इन सबकी परवाह किए बगैर राम भक्त कहते थे रामलला आएंगे और मंदिर वहीं बनाएंगे। हमने मंदिर बनाया। अब सीतामढ़ी में मां जानकी का मंदिर बनेगा।’

‘मैं ये कहने आया हूं जिस चुनाव में प्रचार के लिए राहुल गांधी उतरते हैं, वो चुनाव एनडीए जीतती है।’

सीवान में कहा- अपराधी कांग्रेस-राजद के शागिर्द

इससे पहले सीवान में सभा हुई। इस दौरान सीएम योगी ने राजद और कांग्रेस पर हमला बोला। अपने 30 मिनट के भाषण में जंगलराज की याद दिलाते हुए कहा, ‘आरजेडी के शासन में बिहार में अराजकता थी। इन्होंने केवल परिवारवाद पर काम किया है।’

‘याद रखना अगर कांग्रेस-राजद जीतती है तो पहले आपका राशन बंद करेंगे। फिर नौकरी के नाम पर आपकी जमीन हड़प लेंगे। ये विकास तो नहीं कराएंगे, लेकिन इसके नाम अपराधियों का तांडव करवाएंगे। अपराधी कांग्रेस-राजद के शागिर्द हैं।’

माफिया सत्ता में वापसी करना चाहते हैं

योगी तीन दिनों में दूसरी बार सीवान पहुंचे है। वो एनडीए प्रत्याशी और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा, ‘परसों में रघुनाथपुर आया था, इसलिए आया था क्योंकि वहां एक माफिया फिर से कब्जा करना चाहता है।’

रघुनाथपुर से महागठबंधन की ओर से राजद ने शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को उतारा है।

NDA काम में विश्वास करता है

एनडीए काम करने में विश्वास रखता है। झूठे वादे नहीं करता, दिखावा नहीं करता। हमने कहा था कि रामलला का मंदिर बनाएंगे, हमने बनाया। अब माता सीता के मंदिर की बारी है।

हमने कहा था न कि यूपी में आएंगे तो दंगे-फसाद बंद करवाएंगे। साढ़े 8 साल में वहां कोई दंगा नहीं हुआ।

योगी बोले- आज नए बिहार में निवेश और विकास भी है

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भोजपुर के गड़हनी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘ये इंडी गठबंधन जो आज कम्युनिस्ट, राजद या कांग्रेस के नाम पर आया है, ये इसलिए आया है जिससे वे गरीबों के राशन पर डकैती डाल सकें। पुराना अनुभव है कि पहले राजद के समय में गरीबों को राशन नहीं मिलता था। गरीबों के राशन को तो उन्होंने खाया ही खाया, पशुओं का चारा भी वे खा गए।

ये वही लोग हैं, जिन्होंने नौकरी नहीं दी बल्कि नौकरी के नाम पर आपके पैरों के नीचे की जमीन को हड़पने का काम किया। ये वही लोग हैं जिन्होंने किसानों की जमीनों पर कब्जा करवाया। इन्होंने बिहार में माफिया राज लाकर यहां के व्यापारियों, बहन-बेटियों और नौजवानों के सामने, पहचान का, सुरक्षा का और सम्मान का संकट खड़ा कर दिया था। आज नए बिहार में नौकरी भी है, रोजगार भी है, निवेश भी है और विकास भी है।’

गाड़ियों से महिलाओं को सभा में लाया गया

बारिश के कारण गांधी मैदान में पानी भर गया है। जिस कारण सभा में भीड़ नहीं जुटी, जिसके बाद मंच से कई बार लोगों को आने की अपील की गई। फिर भी लोग नहीं जुटे तो गाड़ियों से महिलाओं को सभा स्थल लाया गया।

योगी आदित्यनाथ की आज भोजपुर और वैशाली में भी जनसभा होगी।